Posts

Showing posts with the label Hindi

सुदूर - अध्याय तीन : सच या झूठ

Image
  अध्याय एक : होश और अध्याय दो : मिरबर्ग में आपने एक अनजान शख्स के बारे में पढ़ा जो अपना नाम आदि बता रहा है। उसे अपने दिमाग में धमाकों की आवाज आ रही है, सपने आ रहे हैं, पर अभी भी वो अपने बारे में बहुत कम जानता है। डॉ मैक्सिम जो उसे होश में लेकर आये हैं वो भी उसके अस्तित्व से अंजान हैं। अपने अस्तित्व की खोज में आगे बढ़ते हुए आदि अपने मन में आने वाले सारे सवाल पूछता जा रहा है। और अब आगे.... "ऐसा नहीं हो सकता। डॉक्टर याद कीजिये आपने इस जगह को मिरबर्ग, रशिया बताया था!" "हाँ मैंने बताया था और यह सच भी है लेकिन यह रशिया धरती का एक देश रशिया नहीं है बल्कि हमारे इस नए घर Enceladus (एंसेलाडस) का एक सेक्टर है।" आदि के दिमाग में सवालों का एक जखीरा उमड़ पड़ा जिनके जवाब वो तुरंत जानना चाह रहा था। "एंसेलाडस मतलब शनि ग्रह का उपग्रह एंसेलाडस?" आदि ने आश्चर्य भरी नजरों से डॉ मैक्सिम को देखते हुए पूछा। "हाँ, वही एंसेलाडस। तुम्हें याद नहीं होगा पर धरती पर इंसानों और मशीनों के बीच एक भयंकर युद्ध हुआ था। उस युद्ध में धरती का बुरा हाल हो गया। इंसानों और मशीनों के बीच हुए समझ...

कलियुग जब खड़ा हो गया परब्रह्म के सामने - आशुतोष राणा

Image
(आज कलियुग परब्रह्म के सामने खड़ा है और परब्रह्म को अपनी बेहिसाब ताकत से अवगत करा रहा है। वह उन्हें बता रहा है कि कैसे वह कंस, रावण और दुर्योधन  जैसे योद्धाओं से ज्यादा चालाक और ताकतवर है।) अब अशुद्धि के लिए मैं शुद्ध होना चाहता हूँ अब कुबुद्धी को लिए मैं बुद्ध होना चाहता हूँ चाहता हूँ इस जगत में शांति चारों ओर हो इस जगत के प्रेम पर मैं क्रुद्ध होना चाहता हूँ चाहता हूँ तोड़ देना सत्य की सारी दीवारें चाहता हूँ मोड़ देना शांति की सारी गुहारें चाहता हूँ इस धरा पर द्वेष फूले और फले चाहता हूँ इस जगत के हर हृदय में छल पले मैं नहीं रावण की तुम आओ और मुझको मार दो मैं नहीं वह कंस जिसकी बाँह तुम उखाड़ दो मैं जगत का हूँ अधिष्ठाता मुझे पहचान लो हर हृदय में मैं बसा हूँ बात तुम ये जान लो अब तुम्हारे भक्त भी मेरी पकड़ में आ गए हैं अब तुम्हारे संतजन बेहद अकड़ में आ गए हैं मारना है मुझको तो, पहले इन्हें तुम मार दो युद्ध करना चाहो तो, पहले इन्हीं से रार लो ये तुम्हारे भक्त ही अब धुर विरोधी हो गए हैं ये तुम्हारे संतजन अब विकट क्रोधी हो गए है मैं नहीं बस का तुम्हारे राम, कृष्ण और बुद्ध का मैं बनूँ...

एक सोच - अर्चना की कलम से

Image
अर्चना लकड़ा जो कि स्वयं एमबीबीएस की छात्रा हैं उन्होंने यह कहानी साझा की है। उनका मानना है कि हमारे छोटे-छोटे कदमों से ही भविष्य की नींव रखी जाती है। हमारा सोचा-समझा गया हर विवेकपूर्ण कदम हमें एक सुंदर भविष्य की ओर ले जाता है तो वहीं, बिना सोचा-समझा गया एक भी गलत कदम हमें उस सुंदर भविष्य से दूर कर सकता है। इसीलिए, कोई भी कदम उठाने से पहले, दो पल लीजिए और उस कदम से होने वाले प्रभावों के बारे में सोचिए। डॉक्टर ऋत्विक - जिन्होंने अभी-अभी अपनी इंटर्नशिप पूरी की थी - अपना दो साल का रूरल सर्विस बॉन्ड पूरा करने रुतझर गांव के अस्पताल में आये थे। कोरोना महामारी अब गांवों में भी फैल रही थी। रोज़ाना उनकी ड्यूटी लगती थी, क्योंकि ये महामारी जाने का नाम ही नहीं ले रही थी।  अस्पताल में बिस्तरों की कमीं हो गयी थी, सारी व्यवस्थाएँ लाचार हो रही थीं, पर इन हालातों में भी मरीजों का इलाज करना था। स्थिति तब और ज्यादा खराब हो जाती थी जब लोग आखिरी वक्त पर मरीज लेकर आते थे। खैर! आज का दिन भी अस्पताल में ही बीता और अब अपने रूम जाने का वक्त हो चुका था। ऋत्विक काफी थक गये थे और उन्हें जोरों की भूख लगी थी। उन्ह...

चाँद और सैटर्न

Image
जब से मैंने सैटर्न यानी शनि ग्रह को टेलिस्कोप से देखा है तब से मैं लोगों को यही बताते रहता हूँ कि सैटर्न कितना खूबसूरत है। मैंने तो लोगों को ये भी कहा है कि अगर शायरों ने सैटर्न को देख लिया होता तो वे चाँद की जगह सैटर्न पर शायरियाँ लिख रहे होते। आज जब शाम को मैं बालकनी में बैठा हुआ था तो सहसा मेरी नजर चाँद पर जा पड़ी। कुछ देर तक एकटक देखने के बाद मुझे एहसास हुआ जैसे कोई और भी है जो इस वक्त उस चाँद को देख रहा है। मैं उसे नहीं देख पा रहा हूँ क्योंकि वो कहीं और है पर मुझे विश्वास है कि उसे भी पता है कि मैं चाँद को देख रहा हूँ। शायद इसी अन्तःप्रेरणा के वशीभूत होकर शायरों और कवियों ने वे सारे लेख लिखे होंगे। मुझे मेरा कहा हुआ वो वाक्य याद आ गया कि अगर शायरों ने सैटर्न को देख लिया होता तो वे चाँद की जगह सैटर्न पर शायरियाँ लिख रहे होते। मैंने फिर से अपने उस वाक्य पर विचार किया। क्या मैनें जो कहा था वो तर्क की दृष्टि से सही था? हाँ सही था, मेरे मन ने जवाब दिया। अगर सैटर्न चाँद के आकार का दिखता तो जरूर शायरों का सारा ध्यान उसके सुंदर रंगों और वलयों पर जाता परन्तु फिर भी चाँद से उसकी कोई प्रतिस्प...

OBAFGKM

Image
PC - Wallpaper Flare (Website) दूर क्षितिज पर बादलों के एक समूह ने मौना केआ पहाड़ी के निचले हिस्से को लगभग ढक ही दिया था जैसे वे ऊपर आसमान में टिमटिमाते उन तारों को देखने का सन्देश दे रहे हों। जहाँ बादल नहीं थे वहाँ नीला समुद्र दिख रहा था जो उस दृश्य को और भी खूबसूरत बना रहा था। पर उससे भी खूबसूरत दृश्य उसके ठीक सामने था। एक ऐसा दृश्य जो इन सब दृश्यों से ज्यादा खूबसूरत था। आज निहारिका उसे एकटक देखे जा रही थी। ठीक वैसे ही जैसे वो उसे देखा करता था। दोनों की आंखें एक दूसरे से खामोशी से बातें कर रही थी। दोनों एक दूसरे के पास, और पास आ चुके थे और तभी यायावर ने अपने होंठों पे उसके होंठों को महसूस किया। उसकी आंखें बंद हो चुकी थी। वो सारे खूबसूरत दृश्य जो उसके सामने दिख रहे थे अब गायब हो चुके थे। उसका मन किसी शून्यता की ओर बढ़ रहा था। उसने अपने मन को इतना शांत कभी नही पाया था। वह एक-एक क्षण को घण्टों की तरह महसूस कर पा रहा था। वह इस पल से कभी-भी बाहर नहीं आना चाहता था। पर क्या यह सम्भव था? बिल्कुल नहीं। यायावर ने आंखें खोली। निहारिका ने मुस्कुराते हुए उसके उंगलियों को छुआ। यायावर ने अपने दाहिने ...

सुदूर - अध्याय दो : मिरबर्ग

Image
सुदूर - अध्याय एक : होश में अब तक आपने पढ़ा कि कैसे एक रहस्यमयी शख्स - जिसे अपने दिमाग में किसी धमाके की गूंज सुनाई दे रही है - उसे एक अनजान जगह पर होश आता है। वहाँ उसकी मुलाकात मैक्सिम नाम के एक रशियन डॉक्टर से होती है जो उसे बताता है कि वह अनजान जगह मिरबर्ग, रशिया है। उस रहस्यमयी शख्स के मन में हजारों सवाल हैं जो वह पूछना चाहता है पर वह फिर से बेहोश हो जाता है। अब आगे.... उसके घर में पकवान बन रहे हैं, आज कृष्ण जन्माष्टमी का दिन है। हालाँकि वह खुद एक साइंटिस्ट है और वह इस तरह के पूजा-पाठ से दूर ही रहता है पर बचपन में वह काफी धार्मिक हुआ करता था। वह अलग-अलग तरह के धार्मिक सीरिअल्स देखा करता था और साथ-ही हर तरह की धार्मिक पुस्तकें पढ़ा करता था। वह हमेशा से भगवान विष्णु को पाना चाहता था या यूँ कहें की उनकी तरह बनना चाहता था। शुरू से ही उसके दिमाग में यह बात थी की कोई एक ही है जो हम सभी से ज्यादा शक्तिशाली है परन्तु उसका अस्तित्व भी हमसे किसी-न-किसी तरह जुड़ा हुआ है। बचपन में ही हिन्दू धर्म के काफी ग्रन्थ पढ़ने के बाद और बी आर चोपड़ा और रामानंद सागर के सीरिअल्स महाभारत और रामायण देखने के बाद ...

अब्राहम लिंकन का पत्र अपने पुत्र के शिक्षक के नाम

To read in English Click Here ! (हिंदी भावानुवाद: मधु पंत, अगस्त 2004)  हे शिक्षक! मैं जानता हूँ और मानता हूँ कि न तो हर व्यक्ति सही होता है और न ही होता है सच्चा; किंतु तुम्हें सिखाना होगा कि कौन बुरा है और कौन अच्छा। दुष्ट व्यक्तियों के साथ-साथ आदर्श प्रणेता भी होते हैं, स्वार्थी राजनीतिज्ञों के साथ-साथ समर्पित नेता भी होते हैं; दुश्मनों के साथ-साथ मित्र भी होते हैं, हर विरूपता के साथ सुन्दर चित्र भी होते हैं। समय भले ही लग जाए, पर यदि सिखा सको तो उसे सिखाना कि पाए हुए पांच से अधिक मूल्यवान है - स्वयं एक कमाना। पाई हुई हार को कैसे झेले, उसे यह भी सिखाना और साथ ही सिखाना, जीत की खुशियां मनाना। यदि हो सके तो उसे ईर्ष्या या द्वेष से परे हटाना और जीवन में छिपी मौन मुस्कान का पाठ पठाना। जितनी जल्दी हो सके उसे जानने देना कि दूसरों को आतंकित करने वाला स्वयं कमजोर होता है, वह भयभीत व चिंतित है क्योंकि उसके मन में स्वयं चोर होता है। उसे दिखा सको तो दिखाना - किताबों में छिपा खजाना। और उसे वक्त देना चिंता करने के लिए... कि आकाश के परे उड़ते पंछियों का आह्लाद. सूर्य के प्रकाश में मधुमक्खियों ...

हिंदी की बात

     आज के दिन को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी तारीख को यानी 14 सितम्बर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी भाषा को एकमत से भारत की राजभाषा बनाने का निर्णय लिया था। गांधी जी ने हिंदी भाषा को जनमानस की भाषा बताया था। सबसे पहली बार हिंदी दिवस 1953 में मनाया गया था। उसके बाद से आज तक हर साल 14 सितम्बर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। इस दिन हिंदी भाषा में विभिन्न लोगों द्वारा दिए गये योगदान को याद किया जाता है और हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिये कई तरह के कार्यक्रम कराये जाते हैं।       इस दिन हर तरफ बस हिंदी भाषा की ही बात होती है। इसी कड़ी में मैं भी कुछ यादें आपसे बाँटना चाहूँगा। आज मैं उनकी बात करूँगा जिनके बारे में शायद आपको किसी और से सुनने को न मिले। आज के दिन लोग मुंशी प्रेमचंद जी की बात करेंगे, गांधी जी की बात करेंगे और ऐसे ही न जाने कितने पुण्यात्माओं को याद करेंगे और उन्हें करना भी चाहिए। परन्तु मैं उनसे परे हटकर कुछ और पुण्यात्माओं की बात करना चाहूँगा जिनके बिना मैं शायद हिंदी भाषा को अपने हृदय में वह स्थान नहीं दे पाता जो मैं आज दे पा रहा हूँ। ...

क्या ये सपना आपको भी आता है?

 दोस्तों! आज मैं सपनों की बात करूँगा। हम सभी ने कभी न कभी सपने देखे होते हैं। कई तरह के सपने। कभी अच्छे सपने, कभी बुरे सपने, तो कभी डरावने सपने। बहुत सारे सपने तो हमें याद भी नहीं रहते लेकिन, कुछ सपने होते हैं जो हमें याद रह जाते हैं। ऐसा ही एक सपना है उड़ने का सपना। ये ऐसा सपना है जो लगभग-लगभग हर किसी को आता है। मैं बहुत सारे लोगों को जानता हूँ जिनको ये सपना आ चुका है। इस सपने में ऐसा होता है की हम किसी से भाग रहे होते हैं। हम पूरी जान लगाकर दौड़ रहे होते हैं लेकिन जो हमारा पीछा कर रहा होता है वह हमारे करीब पहुँचते जाता है। वो जैसे-जैसे पास आने लगता है हम और तेज दौड़ने की कोशिश करते हैं। कभी-कभी तो हम उड़ने भी लग जाते हैं। हम जितनी तेज दौड़ते हैं हम उतने ही ऊपर उड़ने लग जाते है। जो हमारा पीछा कर रहा होता है वो अब हमारे पैरों को पकड़ने की कोशिश करने लगता है। हम उससे बचने के लिए और तेज दौड़ने की कोशिश करते हैं। मुझे यह सपना तब आता था जब मैं छोटा हुआ करता था। तब एक चुड़ैल मेरा पीछा करती थी। अभी मैंने द कपिल शर्मा शो का एक क्लिप * देखा जिसमें कपिल शर्मा और सलमान खान दोनों ही ऐसे सपने देखन...

सुदूर - अध्याय एक : होश

Image
उसने आंखें खोली। उसके सामने एक इंसान खड़ा था जो देखने में बिल्कुल हिंदुस्तानी लग रहा था। उसने गौर किया उसके अंडाकार चेहरे पर उसकी फ्रेंच दाढ़ी जँच रही थी। उसने पारदर्शी आयताकार चश्में भी पहन रखे थे। जो कि काफी स्टाइलिश लग रहे थे। कपड़े भी उसने किसी हिंदुस्तानी डॉक्टर की तरह ही पहने हुए थे पर उसकी दायीं छाती पर एक नेमटैग लगा हुआ था जिसमें रशियन में максим ( मैक्सिम ) लिखा हुआ था। "कहाँ हूँ मैं? कौन हो तुम?" उसने पूछा। "Я доктор Я встретил тебя на берегу моря Твое дыхание покидало тебя, но я был уверен, что спасу тебя. И смотрите, через год вы полностью выздоровели." ( "मैं एक डॉक्टर हूँ। मुझे तुम समुद्र किनारे जख्मी हालत में मिले थे। तुम्हारी सांसें तुम्हारा साथ छोड़ रही थी पर मुझे यकीन था कि मैं तुम्हें बचा लूँगा। और देखो पूरे एक साल बाद तुम पूरी तरह से ठीक हो चुके हो।" ) उसने ये तो सोच लिया कि डॉक्टर उसकी भाषा शायद इसलिये समझ पा रहा था क्योंकि वो हिंदुस्तानी हो सकता था पर उसे यह समझ में नहीं आ रहा था कि उसे रशियन भाषा इतने अच्छे से कैसे समझ में आ रही थी। फिर ...

खाने की बात

Image
 आज 12 मई 2020 है। बीते दो दिनों से मैं मछली ही खा रहा हूँ। नहीं मै उस बाजार में मिलने वाली बड़ी मछली की बात नहीं कर रहा हूँ। मै तो नदियों में मिलने वाली उन छोटी मछलियों की बात कर रहा हूँ जिन्हें सरगुजा अंचल में सिधरी और मोगरी के नामों से जाना जाता है। मुमकिन है सिधरी और मोगरी नाम इन मछलियों की शारीरिक बनावट को देखकर रखा गया होगा।  सरगुजा अंचल में लोग इन मछलियों को बड़े चाव से खाते हैं। इनके कांटे उतने मजबूत नहीं होते जितने की बड़ी मछलियों के होते हैं। इन्हें बनाने से पहले काटने की भी जरूरत नहीं पड़ती। इन्हें जल्दी से पकाया जा सकता है और इन्हें काटों सहित खाया भी जा सकता है। (मुझे पता है अगर आप शाकाहारी हैं तो आप क्या सोच रहे होंगे!) मैंने न जाने कितनी ही बार इनका सेवन किया है। पिछले दो दिनों से घर में यही बन रहा है। कभी-कभी पापा खुद मछली मारकर ले आते हैं और कभी किसी और के हाथों मंगा लेते हैं। मैं खुद से कभी मछली मारने नहीं गया हूँ। गांवों में तो बहुत सारे बच्चे बंशी-डोर लेकर खुद ही मछली पकड़ने निकल जाते हैं। आज जब मै नदी के पास घूमने गया तो मैंने ऐसे ही एक बच्चे को देखा। उसने नीले...

सूरज और हम

सूरज किसी पहचान का मोहताज़ नहीं है। सूरज बोलते ही आसमान में चमकते एक गोले की तस्वीर हमारे दिमाग पर बन जाती है। सूरज को दिनकर, प्रभाकर, दिवाकर, भास्कर, भानु, दिनेश, मार्तण्ड, अंशुमाली, सूर्य, रवि और न जाने कितने ही नामों से जाना जाता है। सूर्य अपने तेज के लिये भी जाना जाता है। सूर्य का तेज इतना प्रभावशाली होता है कि अगर आप आँख बंद करके भी इसकी तरफ सिर घुमा लें तो इसके अस्तित्व का एहसास हो जाता है। हमारे देश में तो माँएं अपने बच्चों को सूर्य के समान तेज प्राप्त करने का आशीर्वाद भी देती आयीं हैं। सूर्य हमारे कविताओं में, श्लोकों में, शायरियों में, नामों में, संस्कृति में, दिन में, रात में, खाने में, पीने में यहाँ तक की खुद हममें भी शामिल है। कैसे? यह आपको थोड़ी देर में समझ में आ जायेगा। सूर्य का प्रकाश ही है जो सारे जहाँ को रोशन करता है। वो सूर्य की किरण ही है जिसका इस्तेमाल करके पौधे अपना भोजन तैयार करते हैं। वो सूर्य की रोशनी ही है जो चाँद को रात में चाँदनी भरने का हुनर देती है। सूर्य ही है जो रोज सुबह उगकर हमें उठने का सन्देश देता है और सूर्य ही है जो सुबह और शाम को अपनी लालिमा बिखेरकर ए...

लड़कियों की जेठालाल

वह खुद को लड़कियों की जेठालाल कहती है। और कहे भी क्यूँ न ! उसका मोहल्ला तारक मेहता का उल्टा चश्मा के गोकुलधाम से कम थोड़ी न है। उसके घर में चार लोग रहते हैं। उसके मम्मी-पापा, उसका भाई और वो खुद। उसको पबजी खेलने का बड़ा शौक है। हालाँकि उसे घर में डाँट न पड़े इसलिये उसने दिन में बस दो घण्टे पबजी खेलने का निश्चय किया है। पर कोई पबजी खेले और डाँट न खाये, ये कैसे हो सकता है? यही कारण है कि वो पबजी दो घण्टे खेलती है लेकिन डाँट, डाँट वो तीन घण्टे सुनती है। हाँ, मम्मी से ही डाँट खाती है क्योंकि, लड़कियाँ तो पापा की परी होती हैं न। अब उसकी मम्मी का ज़िक्र आ ही गया है तो थोड़ी और बात कर लेते हैं। उसका कहना है कि उसके घर में और मोहल्ले में बड़ा ही मज़ाकिया माहौल रहता है। जब कभी वह कहीं बाहर जाते रहती है और अपनी मम्मी से सौ रुपये माँगती है तो उसकी मम्मी अक्सर उसे पचास रुपये ही देती हैं। और बाकी के पैसे मांगने पर वो चेहरे पर बड़ी ही प्यारी सी मुस्कुराहट लिये हुए कहती हैं, "और पैसे तो हैं ही नहीं हमारे पास।" अब ये मन-ही-मन शिकायत करती है कि अभी मुझसे पहले जब भाई आया था तो माँ ने तो उसे पूरे सौ रुपये...

रामगढ़ की नानी

Image
सब उसे मटरौली के नाम से जानते हैं। उसका असली नाम क्या है और वो कहाँ से आयी है ये शायद कोई भी नहीं जानता। सफेद बाल, झुर्रियों से भरा चेहरा और सिकुड़ते हाथ पैर बताते हैं की उसकी उम्र कम-से-कम साठ साल होगी। पिछले दस-बारह सालों से वह गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान में स्थित रामगढ़ नाम के इस छोटे से गांव में रह रही है। दिनभर पूरे गांव में घूमना और जहाँ भी गन्दगी दिखे उसे बिना किसी के कहे साफ कर देना उसकी दिनचर्या का हिस्सा है। दुकानों के सामने फैले प्लास्टिक और गत्तों का ढेर हो या गाय का किया हुआ गोबर हो, उनकी सफाई वह बिना किसी के कहे ही कर दिया करती है। लोगों ने कभी भी उसे मैले कपड़े पहने नहीं देखा है। भले ही उसके पास महंगे डिज़ाइनर कपड़े नहीं है, जो भी हैं वो किसी न किसी के दिए हुए पुराने कपड़े हैं पर जब भी वह अपने साफ सुथरे कपड़ों में बाहर निकलती है तो उसे देखकर उसके आदर्श जीवन की एक झलक मिलती है। हर रोज़ शाम को वह अगरबत्ती जलाकर आस-पास के दुकानों और घरों के सामने से गुज़रती है। कुत्तों, गायों और बकरियों को अगर घरों या दुकानों के अंदर घुसते देखती है तो उन्हें खदेड़ कर भगा देती है। उसके पास अपना खुद...

रुतांशी की कलम से

अच्छी कविता हो या अच्छी कहानी, वह अच्छी तभी बन पाती है जब उनमें भावनाएँ उभर कर आती हैं। भावनाओं के उभर के आने का मतलब यह बिल्कुल भी नहीं है कि लिखने वाले की ये सच्ची भावनाएँ होती हैं| एक अच्छा लेखक अपने आप को किसी के भी जगह पर रखकर उसकी भावनाएँ अपनी लेखनी में उतार सकता है। यही कारण है की शराब को कभी हाथ न लगाने वाले श्री हरिवंशराय बच्चन ने पूरी मधुशाला लिख डाली थी। हमारी यह नई लेखिका जिनका नाम रुतांशी प्रधान है ये भी ऐसी ही प्रतिभा की धनी हैं। उनकी कलम से निकली कुछ रचनाएँ पेश हैं - (1) थोड़ा सा....       परियों से थोड़ा कम, हकीकत से थोड़ा ज़्यादा       लगूँ खूबसूरत हर पल, बस यही है इरादा।       लोगों से थोड़ा कम, खुद से थोड़ा ज़्यादा       खुश रहने का करूँ वादा।       मदहोशी में कम, होश में ज़्यादा       मनमानियाँ करने का है इरादा।       बातों से कम, हकीकत में ज़्यादा       पूरा करूँ अपना हर वादा।       औरों से कम, खुद से ज्यादा       प्यार करने का...

घनघोर सिंगल लड़की

घनघोर सिंगल हूँ। हाँ, यही कहा था उसने। आपने कई बार कई लोगों को अपने आप को सिंगल बताते हुए देखा होगा। लेकिन सिंगल और घनघोर सिंगल होने में फ़र्क़ है। कम से कम इस बात का तो फ़र्क़ है ही कि घनघोर सिंगल में एक रचनात्मकता है, एक क्रिएटिविटी है जो इसे सिंगल से अलग बनाती है। जब आप अपनी बात रखते हैं तो लोग उस पर ध्यान देते हैं और नहीं भी। लेकिन, जब आप अपनी बात रचनात्मक ढंग से रखते हैं तो लोग सिर्फ ध्यान नहीं देते बल्कि वे तो आपसे और भी सुनना चाहते हैं। सुनना भी एक बहुत ही अच्छी आदत है। यकीन मानिए, हर मर्ज की दवा डॉक्टर के पास नहीं होती। कुछ दवाएँ तो हम सुनने वालों के पास भी होती है। इस से फ़र्क़ नहीं पड़ता कि आप किससे बात कर रहे हैं। अगर आप कुछ देर किसी से बात कर लें तो एक अलग ही खुशी मिलती है। दरअसल, यहीं से गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड के कॉन्सेप्ट की शुरुआत होती है। हर किसी को किसी ऐसे की तलाश होती है जिससे वो बातें कर सके। जिससे वो अपने ग़म अपनी खुशियाँ शेयर कर सके। और हो क्यूँ ना ये जमाना ही डेटा का जमाना है। हमारे साइंटिस्ट डेटा को स्टोर करने की जद्दोजहद में नए-नए अविष्कार करने में लगे हुए हैं। ये इं...

ऐसा क्यूँ होता है, ऐसा क्यूँ होता है?

क्यूँ सुरज गोल है? क्यूँ हाइड्रोजन उसके लिये अनमोल है? क्यूँ धरती उसके चक्कर काटती है? क्यूँ चाँदनी रात उसको छुपाकर भी उसके होने का एहसास कराती है? ऐसा क्यूँ होता है, ऐसा क्यूँ होता है? लाखो राज़ छुपे हैं सुरज में रोशनी और आग छुपे हैं सुरज में दिशाओं का ज्ञान छुपा सुरज में सारे धातु भी बने हैं सुरज में फिर धातु का क्यूँ मोल होता है? क्यूँ लोहा बेमोल तो सोना अनमोल होता है? ऐसा क्यूँ होता है, ऐसा क्यूँ होता है? क्यूँ चाँद लगाता है धरती के चक्कर? क्यूँ धरती लगाती है सुरज के चक्कर? क्यूँ सुरज लगाता है आकाशगंगा के चक्कर? आखिर इस चक्कर का क्या है चक्कर? क्या सिर्फ गुरुत्वाकर्षण बल है इसका उत्तर? जब ब्रह्मांड में इतना कुछ घटता है क्यूँ कोई प्रश्न नहीं करता है? ऐसा क्यूँ होता है, ऐसा क्यूँ होता है?

सफलता का रहस्य

क्या आपने कभी कोई गलती की है? क्या आपको कभी किसी बात का पछतावा हुआ है? अगर हाँ तो आपने अपनी गलती से क्या सीखा? क्या आपने अपने आप से पूछा कि आपसे गलती क्यों हुई थी? क्या आपने अपने आप को दोबारा उस गलती को करने से रोका? क्या आपने कभी सोचा की गलती करने के बाद आपको क्या करना चाहिए था? इन्ही सवालों के जवाब खुद में समेटे, आपके दिल में प्रेरणा की लौ जलाने के लिये पेश है मेरी यह रचना - लालच कोई फर्क नहीं पड़ता यह छोटी है या बड़ी क्योंकि इसका काम वही है यह पहले उकसाती है फिर गलती कराती है और फिर तड़पाती है और तब तुम्हें लगता है कि तुम्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था | यही पछतावा है पछताना पड़ता है तड़पना पड़ता है सुधरना भी पड़ता है क्योंकि तुम सुधरोगे तब जग सुधरेगा | तुम इस बात को भूल जाओ कि तुमने गलती की तुम्हारी इज़्ज़त गई क्योंकि तुम क्या लेकर आये थे और क्या लेकर जाओगे? गलती सुधारी जा सकती है इज़्ज़त बनाई जा सकती है ज़रूरत है तो एक ज़ज्बे की एक पहल करने की कुछ कर गुज़रने की तो चलो कुछ करें, कुछ बनायें क्योंकि तुम क्या लेकर आये थे और ...

बचपन

आपकी उम्र पच्चीस हो या पचपन, अगर कोई आपसे पूछे की आपकी जिंदगी का सबसे खूबसूरत लम्हा कौनसा है तो आपका जवाब होगा बचपन। ये जिंदगी का वो खूबसूरत लम्हा होता है जब लोगों की नज़र हमारी गलतियों पर नहीं होती बल्कि हमारी कामयाबी पर होती है। लोग हमारी गलतियों से नाराज़ नहीं होते। वो तो हमारी कामयाबी की प्रतीक्षा करते रहते हैं कि कब हमें कामयाबी मिले और वे हमारी प्रशंसा करें। हम भी कामयाबी की सीढियां चढ़ते जाते हैं। जन्म लेने के तीन से चार सालों के अंदर ही हम अपने पैरों पर चलना और एक नई भाषा बोलना सीख जाते हैं। आश्चर्य की बात तो यह है कि इतने प्रतिभावान होने के बाद भी हम में से कई लोग बड़े होने के बाद अपने आप को बहुत से कामों को करने में असहाय पाते हैं।  इसलिए अगर कभी आपको लगे कि कोई काम आप नहीं कर सकते तो अपने बचपन को याद करके देखिये। बचपन बचपने से भरा होता है लेकिन उस उम्र में हम जो ठान लेते हैं वो हम करके ही रहते हैं। हम कोई विकल्प नहीं रखते। चलना सीखना है मतलब चलना सीखना है और बोलना सीखना है मतलब बोलना सीखना है। इसमे कोई अगर-मगर नहीं होता है। हम अपने आप को कभी किसी से कम नहीं आंकते। हर कहानी ...

कहानी उस औरत की

घटना १ मई २०२० की है | उसकी उम्र पचास के आस-पास रही होगी | काले रंग की धूल से सनी हुई पुरानी चप्पल, एक पचास रुपये की साड़ी जिसका रंग धूल और मिट्टी ने लगभग उड़ा ही दिया था और सिर पर पीले रंग का तौलिया लपेटे हुए वो दुकान पर आयी | उस पीले तौलिये  से उसका झुर्रियों भरा चेहरा झांक रहा था जो उसकी गरीबी बिना कुछ कहे ही बयाँ कर रहा था | उसे देखकर अहसास हो रहा था मानो उसने सारी उम्र मज़दूरी की हो | उसने अपने साड़ी के पल्लु में बंधे गांठ को खोला और उसमें से एक बीस रुपये का नोट  निकाला | वह बीस रुपये का नोट उसी की तरह कमज़ोर था, ज़रूर उसने भी ताउम्र दुख सहे होंगे | वह नोट उसके हाथों पर ऐसे लटका हुआ था जैसे फांसी पे कोई बेजान लाश लटक रही हो | उसने बड़ी ही दबी आवाज़ में मुझसे कुछ पूछा | जब मुझे कुछ समझ में नहीं आया तो मैंने उससे दोबारा पूछने को कहा | उसने थोड़ा और ज़ोर लगाके सिर्फ इतनी आवाज़ में अपना प्रश्न दोहराया कि जितने में मुझे मुश्किल से सुनाई दे जाये | उसने पूछा, "गुड़ाखू मिलही का?" यह लॉकडाउन का समय था | गुड़ाखू, राजश्री, तम्बाखू और सारी नशीली चीज़ों  का दाम हर रोज़ बढ़ रहा था | दस रुपय...